नीतीश कुमार का 20 साल से हेलीकॉप्टर से हुआ है बाढ़ निरीक्षण, अब जनता देगी रिपोर्ट : PK

  • Post By Admin on Aug 16 2025
नीतीश कुमार का 20 साल से हेलीकॉप्टर से हुआ है बाढ़ निरीक्षण, अब जनता देगी रिपोर्ट : PK

शिवहर : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में शनिवार को शिवहर पहुंचे, जहाँ उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और उसके बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाढ़ को लेकर किए जाने वाले हवाई निरीक्षण पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों से हेलीकॉप्टर से बाढ़ का निरीक्षण कर रहे हैं, जबकि जनता नीचे डूबती रही। अबकी बार जनता निरीक्षण का रिपोर्ट जारी करेगी और तीन महीने बाद इन्हें घर भेज देगी। तभी बाढ़ का असली समाधान निकल पाएगा।

प्रशांत किशोर ने शिवहर की सांसद लवली आनंद और उनके बेटे विधायक चेतन आनंद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सिर्फ शिवहर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में पिछले तीन दशकों से लगभग 1250 परिवारों के लोग ही सांसद और विधायक बनते रहे हैं। लेकिन जन सुराज इस बार उन परिवारों से अलग नए लोगों को टिकट देगा, जो सच में बिहार को सुधारने की मंशा रखते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जन सुराज अपने उम्मीदवारों की घोषणा राज्य के अन्य सभी दलों से पहले कर देगा।

इसके साथ ही पीके ने भाजपा नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल मूर्छित होकर गिरे हुए हैं और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पटना से भाग खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिलीप जायसवाल से 25 लाख रुपये लेने की बात खुद भाजपा नेताओं ने स्वीकार की है। अब सवाल यह है कि 86 लाख का फ्लैट ख़रीदने के लिए बाकी के 61 लाख रुपये कहाँ से आए। इसके लिए सात दिन का समय दिया गया है, जिनमें से तीन दिन गुजर चुके हैं। अगर इसका जवाब नहीं मिला तो जन सुराज जनता के सामने इसका खुलासा करेगा।