अगर ऐसे ही चुनाव होते रहे तो चुनाव का कोई मतलब नहीं रहेगा : दीपंकर भट्टाचार्य 

  • Post By Admin on Feb 10 2025
अगर ऐसे ही चुनाव होते रहे तो चुनाव का कोई मतलब नहीं रहेगा : दीपंकर भट्टाचार्य 

समस्तीपुर : भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव प्रक्रिया और सरकार की नीतियों पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह से चुनाव होते रहे तो चुनाव का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। भट्टाचार्य ने दिल्ली चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी से बदला लेने की आड़ में दिल्ली की जनता को ठगने में सफलता पाई है।

दीपंकर भट्टाचार्य ने बिहार की नीतीश सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि यह सरकार अब वेंटीलेटर पर है और उसका इकबाल खत्म हो चुका है। बिहार में पुलिस का व्यवहार गुंडा जैसी हो गई है और अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध को भी प्रमुख मुद्दा बताया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में सरकार के खिलाफ जनता में गुस्सा बढ़ रहा है और आगामी चुनाव में बदलाव की संभावना है।

भट्टाचार्य ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की रणनीति को सख्ती से आलोचना करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में भारी हेरा-फेरी से लेकर चुनावी हिंसा तक, भाजपा ने दिल्ली में सत्ता हासिल करने के लिए जनता के अधिकारों का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अपनी आवाज उठाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भाजपा ने उनकी आवाज दबाने की कोशिश की।

भट्टाचार्य ने आम आदमी पार्टी के वोट में 10 प्रतिशत की गिरावट की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह वह वोट बैंक है जो लोकसभा चुनावों में भाजपा को और विधानसभा में आम आदमी पार्टी को वोट करता था। हालांकि, इस बार विधानसभा चुनाव में यह वोट भाजपा के पक्ष में गया, जिससे आम आदमी पार्टी को सबक लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का एजेंडा अब कहीं गायब हो चुका है, और पार्टी को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए।

भाकपा माले के राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह, जिला सचिव उमेश कुमार और विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। साथ ही, भाकपा माले पोलिट ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने अपील की कि वे 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित “बदलो बिहार महाजुटान रैली” में बड़ी संख्या में भाग लें और इसे सफल बनाएं।