बांकीपुर में शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक तैयारी, फ्लाइंग स्क्वायड और निगरानी टीमें सक्रिय

  • Post By Admin on Jul 07 2026
बांकीपुर में शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक तैयारी, फ्लाइंग स्क्वायड और निगरानी टीमें सक्रिय

पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिला प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 21 विशेष समितियों का गठन किया है। इन समितियों को कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा, वाहन प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, मीडिया समन्वय तथा चुनावी खर्च की निगरानी जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र को 42 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर पदाधिकारी और एक पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन फ्लाइंग स्क्वायड, नौ स्टैटिक सर्विलांस टीमें तथा तीन-तीन वीडियो सर्विलांस एवं वीडियो व्यूइंग टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें आदर्श आचार संहिता, चुनावी गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी खर्च पर लगातार नजर रखेंगी।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए लगभग तीन हजार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, शेड, संकेतक बोर्ड और फर्नीचर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन विशेष जागरूकता अभियान भी चलाएगा। स्वीप कार्यक्रम के तहत रंगोली, पोस्टर, स्लोगन, सोशल मीडिया, सेल्फी प्वाइंट और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों पर फोकस किया जाएगा, जहां पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा था।