झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्रियों की साख दांव पर, विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्कर
- Post By Admin on Nov 23 2024

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को घोषित होंगे और यह चुनाव राज्य के कई दिग्गज नेताओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। 81 सीटों पर हुए चुनाव में जहां कुछ प्रत्याशी जीत का जश्न मनाएंगे वहीं कईयों को हार का सामना भी करना पड़ेगा। इस चुनाव में कई पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है जिनमें वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, बाबूलाल मरांडी, शिबू सोरेन, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और मधु कोड़ा शामिल हैं। इस बार के चुनाव ने झारखंड के इन दिग्गज नेताओं को अपनी राजनीतिक विरासत की रक्षा और भविष्य की राजनीति में अपनी स्थिति सुनिश्चित करने का बड़ा मौका दिया है। चुनावी मुकाबला बेहद करीबी है और कई सीटों पर स्थिति बेहद टकराव वाली रही है।
चंपई सोरेन: इस बार चंपई सोरेन भाजपा के टिकट पर सरायकेला सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यह उनके राजनीतिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा है क्योंकि वह पहले झामुमो के उम्मीदवार थे और अब भाजपा के झंडे तले चुनाव मैदान में हैं।
बाबूलाल मरांडी: झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी इस बार धनवार सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी कोशिश है कि वह अपनी सीट बचाकर भाजपा को राज्य में फिर से सत्ता दिला सकें।
शिबू सोरेन: झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के परिवार के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। उनके बेटे हेमंत सोरेन, बहू कल्पना सोरेन और छोटे बेटे बसंत सोरेन इस बार चुनावी मैदान में हैं। वहीं, शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन भाजपा के टिकट पर जामताड़ा से चुनाव लड़ रही हैं।
अर्जुन मुंडा: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा इस बार अपनी पत्नी मीरा मुंडा को पोटका सीट से चुनाव लड़वा रहे हैं। उनका मुकाबला झामुमो के संजीव सरदार से है जो 2019 में भाजपा को बड़े अंतर से हराए थे।
रघुवर दास: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बहू पूर्णिमा साहू जमशेदपुर पूर्वी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के अजय कुमार से है जो पिछले चुनाव में सरयू राय से जीत चुके थे।
मधु कोड़ा: पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा इस बार भाजपा के टिकट पर जगन्नाथपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला झामुमो के मौजूदा विधायक सोनाराम सिंकू से है।