कुशवाहा जी किन बड़े नेताओं की बात कर रहे हैं ये तो वही बता सकते हैं : नीतीश कुमार

  • Post By Admin on Jan 23 2023
कुशवाहा जी किन बड़े नेताओं की बात कर रहे हैं ये तो वही बता सकते हैं : नीतीश कुमार

पटना : जदयू नेता उपेन्द्र कुशवाहा की ओर से रविवार को दिये गये बयान कि "जदयू के मुझ से भी बड़े नेता भाजपा के संपर्क में हैं" पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह क्या बोलना चाहते थे, यह बात मुझसे ज्यादा वह ही बेहतर तरीके से बता सकते हैं। आखिर किन बड़े नेताओं की वह बात कर रहे हैं, यह उपेन्द्र कुशवाहा ही बेहतर तरीके से बता सकते हैं। मुख्यमंत्री आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

इससे पहले नीतीश कुमार ने दो दिन पहले उपेन्द्र कुशवाहा के जदयू छोड़ने की चर्चा को लेकर कहा था कि वह पहले भी भाजपा के साथ जा चुके हैं, फिर वापस लौटे। अब उपेन्द्र कुशवाहा क्या चाहते हैं, यह बात तो उपेंद्र कुशवाहा ही बेहतर बता सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि रविवार को उपेन्द्र नई दिल्ली से अपना हेल्थ चेकअप कराकर वापस पटना लौटे थे। इस दौरान उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर भाजपा में जाने की संभावनाओं को लेकर हो रही चर्चा पर साफ कहा कि पार्टी के बड़े नेता भी भाजपा के संपर्क में हैं। इसके बाद से राजनीति उठा पठक को लेकर कई तरह के कयास लगाये जा रहे है। आखिर उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी में किन बड़े नेताओं की बात कर रहे हैं। जदयू में उनसे बड़े नेता सिर्फ ललन सिंह और नीतीश कुमार ही हैं।