2 मार्च को पटना महाजुटान रैली में ताजपुर की बड़ी भागीदारी का आह्वान

  • Post By Admin on Feb 24 2025
2 मार्च को पटना महाजुटान रैली में ताजपुर की बड़ी भागीदारी का आह्वान

समस्तीपुर : भाकपा माले ने आगामी 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित “बदलो बिहार महाजुटान रैली” में ताजपुरवासियों से बड़ी भागीदारी की अपील की है। ताजपुर के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर इस रैली को सफल बनाने की मुहिम जारी है। इस अवसर पर भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं ने रैली के महत्व और उसमें भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया।

नुक्कड़ सभा में भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार सरकार से कई अहम मांगें हैं जिनमें वृद्धावस्था, मोसमाती और दिव्यांग पेंशन को 3 हजार रूपये करना, राशन के चावल-गेहूं के साथ दाल, तेल, चीनी जैसी आवश्यक वस्तुओं का वितरण, स्कीम वर्कर्स को राज्य कर्मी का दर्जा देना, रसोई गैस की कीमत में कमी करना, मुख्यमंत्री लघु उद्यमी योजना के तहत 2-2 लाख रूपये का वित्तीय सहायता प्रदान करना और भूमिहीनों को वासभूमि और आवास देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

सभा में पार्टी के वरिष्ठ सदस्य आसिफ होदा ने भी लोगों से 2 मार्च को गांधी मैदान में एकजुट होने की अपील की और बताया कि दिल्ली-झारखंड की तर्ज पर बिहार में भी फ्री बिजली, पानी और महिलाओं के खातों में नकद राशि जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

सभा के दौरान भाकपा माले के अन्य नेता जैसे प्रभात रंजन गुप्ता, मो० एजाज, मो० कादीर, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह और राजदेव प्रसाद सिंह ने भी संबोधित करते हुए रैली में भारी संख्या में भाग लेने की अपील की और इस अभियान को हर वर्ग की आवाज बनाने का आह्वान किया। भाकपा माले के नेताओं ने ताजपुर के विभिन्न चौक-चौराहों पर नुक्कड़ सभा कर लोगों को रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।