MLC की 8 सीटों पर चुनावी बिगुल: जन सुराज से लेकर लेफ्ट तक, बदल रहे सियासी समीकरण

  • Post By Admin on Sep 11 2026
MLC की 8 सीटों पर चुनावी बिगुल: जन सुराज से लेकर लेफ्ट तक, बदल रहे सियासी समीकरण

पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। इनमें स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार-चार सीटें शामिल हैं। पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों ने जमीन पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। दोनों प्रमुख खेमों—एनडीए और महागठबंधन—की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं, जबकि प्रमुख दलों की ओर से आधिकारिक उम्मीदवारों की अंतिम सूची का इंतजार बना हुआ है।

पटना स्नातक सीट पर जदयू की तरफ से वर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार का दोबारा उतरना तय माना जा रहा है। पिछली बार राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले आजाद गांधी के अब भाजपा में शामिल हो जाने से एनडीए के भीतर समीकरण मजबूत हुए हैं। वहीं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव एक बार फिर मैदान में ताल ठोकने की तैयारी कर रहे हैं और लगातार शिक्षक वर्ग के बीच संपर्क साधे हुए हैं।

उत्तर बिहार की तिरहुत स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला बेहद रोचक होने के आसार हैं। पूर्व में हुए उपचुनाव में जदयू के अभिषेक झा को निर्दलीय शिक्षक नेता बंशीधर बृजवासी के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी, लेकिन इस बार फिर अभिषेक झा जदयू के टिकट पर अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। तिरहुत शिक्षक सीट पर भाकपा के संजय कुमार सिंह तीसरी बार अपनी किस्मत आजमाने उतरेंगे, जबकि भाजपा की ओर से नाम सामने आना बाकी है। दरभंगा शिक्षक क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में उतरेंगे, जहां उनके सामने जदयू से पूर्व प्रत्याशी दिलीप चौधरी की चुनौती खड़ी हो सकती है।

सारण शिक्षक सीट पर उपचुनाव में जन सुराज समर्थित आफाक अहमद ने बाजी मारी थी। पूर्व दिवंगत नेता केदार पांडे के बेटे आनंद पुष्कर अब जदयू के पाले में हैं और वे सत्तारूढ़ दल से ताल ठोकने की तैयारी में हैं।

इस बीच वाम दलों ने भी अपनी रणनीतिक बिसात बिछा दी है। भाकपा राज्य सचिव रामनरेश पांडे के अनुसार, पार्टी तिरहुत शिक्षक सीट से संजय सिंह और सारण शिक्षक से विद्या सागर विद्यार्थी को उतारने का निर्णय लेकर राजद को अवगत करा चुकी है। माकपा दरभंगा शिक्षक सीट से एक बार फिर रामदेव राय पर भरोसा जताने जा रही है, जो पिछले चुनाव में बेहद मामूली अंतर से पीछे रह गए थे। वहीं भाकपा-माले भी पहली बार एक स्नातक और एक शिक्षक सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने की पुख्ता तैयारी में जुटी है।