लोगों की समस्याओं को अनसुना कर रही गठबंधन सरकार : विजय सिन्हा

  • Post By Admin on Mar 02 2023
लोगों की समस्याओं को अनसुना कर रही गठबंधन सरकार : विजय सिन्हा

पटना : बिहार विधानसभा बजट सत्र का आज चौथा दिन है। बजट सत्र के चौथे दिन भाजपा के नेताओं ने विधानसभा में पहुंच कर जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं एक बार फिर से भाजपा की तरफ से विरोध प्रदर्शन करते हुए रिपोर्टिंग टेबल पलट दिया गया। साथ ही कुर्सियां भी फेंकी गई। इसके बाद सदन के बाहर आकर विपक्षी नेता विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश व तेजस्वी सरकार पर जमकर हमला बोला। 

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तमिलनाडु में जिस तरह बिहारी लोगों के साथ बर्बरता पूर्वक पिटाई की गई है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इस शर्मनाक घटना के बावजूद बिहार के मुख्यमंत्री इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। बड़ी बात यह है कि संसदीय कार्य मंत्री और उप मुख्यमंत्री दोनों सदन के अंदर नहीं आए। जब हम लोगों ने सदन में नीतीश कुमार-तेजस्वी सरकार से जवाब मांगा तो कोई जवाब देने को तैयार भी नहीं है। इससे बड़ी बात यह है कि हम लोग आसन पर बैठे इसका जवाब लेने के लिए स्पीकर से आग्रह कर रहे हैं। लेकिन वह सदन को ऑर्डर में लिए बिना जबरदस्ती सदन चलाने का नाटक कर रहे हैं। वह लोकतंत्र की मर्यादा को धूमिल कर रहे हैं। 

विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि हम लोग आज बेरोजगारी के मसले को लेकर कार्य स्थगन प्रस्ताव में लाए थे। लेकिन सरकार में बैठे लोग इसे सुनने को तैयार नहीं है।