बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के आखिरी दिन सड़कों पर उतरे समर्थक, भाजपा और जन सुराज ने झोंकी ताकत

  • Post By Admin on Jul 13 2026
बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के आखिरी दिन सड़कों पर उतरे समर्थक, भाजपा और जन सुराज ने झोंकी ताकत

पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने भव्य रोड शो और एनडीए के शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भी समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन किया।

नामांकन से पहले भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। इस दौरान विधायक संजय गुप्ता और संजीव चौरसिया उनके साथ मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचकर नितिन नवीन के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत नीरज सिन्हा भाजपा कार्यालय से रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए निकले। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ शामिल हुए तथा जीत के समर्थन में नारे लगाए। रोड शो के बाद उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के नेता राजू तिवारी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान एनडीए ने एकजुटता और चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया।

वहीं, जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली और हाथों में पार्टी के झंडे लेकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रशांत किशोर भी समर्थकों के साथ जुलूस में शामिल हुए और कुछ दूरी तक पैदल चलकर नामांकन स्थल पहुंचे। बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और जन सुराज दोनों दलों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर चुनावी मुकाबले को और अधिक रोचक बना दिया है।