लखीसराय में ग्रामीण छठ घाटों की सुरक्षा पर प्रशासन का जोर, डीएम ने किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Nov 04 2026
लखीसराय में ग्रामीण छठ घाटों की सुरक्षा पर प्रशासन का जोर, डीएम ने किया निरीक्षण

लखीसराय : छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने रामगढ़ चौक प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नोनगढ़, शरमा और बिहरौरा सहित कई स्थानों पर पहुंचकर घाटों की स्थिति और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए सभी संवेदनशील और आवश्यक घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

डीएम ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर सुव्यवस्थित कंट्रोल रूम की स्थापना भी की जाए, जिससे पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और आपात स्थिति में समन्वय किया जा सके। जिलाधिकारी ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों का समुचित समतलीकरण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी जरूरी तैयारियां छठ महापर्व से पहले पूरी करने और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।