ऑपरेशन डिग्निटी के तहत आरपीएफ की पहल, ट्रेन में भटक रही महिला को परिजनों तक पहुंचाया

  • Post By Admin on Nov 04 2026
ऑपरेशन डिग्निटी के तहत आरपीएफ की पहल, ट्रेन में भटक रही महिला को परिजनों तक पहुंचाया

लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में भटककर यात्रा कर रही एक महिला को सुरक्षित उसके पति के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार, 4 नवंबर को ऑपरेशन डिग्निटी के तहत की गई। महिला की पहचान बक्सर निवासी किरण देवी के रूप में हुई है।

आरपीएफ को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13409 डाउन के किसी कोच में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला अनजाने में यात्रा कर रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंचे। ट्रेन के पहुंचने पर उन्होंने उपलब्ध कराई गई तस्वीर के आधार पर महिला की पहचान की और उससे पूछताछ की। महिला ने अपना नाम किरण देवी और पति का नाम अनिल कुमार बताया। उसने अपना पता बक्सर के सिविल लाइन मोहल्ले के मठिया गांव का बताया। इसके बाद आरपीएफ कर्मी महिला को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट किऊल लेकर आए और सूचना देने वाले व्यक्ति को भी इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर महिला के पति अनिल कुमार आधार कार्ड सहित पहचान संबंधी दस्तावेज और लिखित आवेदन लेकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। उन्होंने महिला की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। इसके बाद महिला ने भी अपने पति को पहचान लिया। पहचान की पुष्टि के लिए दोनों की तस्वीर और वीडियो भी तैयार की गई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरपीएफ ने महिला को उसके पति अनिल कुमार के सुपुर्द कर दिया। पति को पत्नी के साथ बक्सर स्थित अपने घर जाने की अनुमति दी गई। पत्नी को सुरक्षित वापस पाकर अनिल कुमार ने आरपीएफ पोस्ट किऊल के अधिकारियों और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। आरपीएफ की इस कार्रवाई से भटकी हुई महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में मदद मिली।