छठ से पहले लखीसराय में रोको-टोको अभियान, एक ऑटो और दो ई-रिक्शा जब्त

  • Post By Admin on Nov 04 2026
छठ से पहले लखीसराय में रोको-टोको अभियान, एक ऑटो और दो ई-रिक्शा जब्त

लखीसराय : छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को रोको-टोको अभियान चलाया। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) ने विभिन्न प्रकार के यातायात उल्लंघनों के खिलाफ जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, नो-एंट्री में ट्रैक्टरों के प्रवेश और ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर परिचालन करने के मामलों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के प्रति सचेत किया गया और आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस दौरान एक ऑटो और दो ई-रिक्शा (टोटो) जब्त किए गए। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान सड़कों पर भीड़ और यातायात संबंधी अव्यवस्था को नियंत्रित करना है। विभाग के अनुसार, पर्व के दौरान आम लोगों की आवाजाही आसान बनाने, छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शहर में यातायात का निर्बाध संचालन बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान चलाया जा रहा है।