लखीसराय में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने युवाओं से किया संवाद, जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं
- Post By Admin on Nov 01 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने रविवार, 1 नवंबर को जिले के दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस क्रम में उन्होंने एक निजी कोचिंग संस्थान में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों, संवैधानिक मर्यादाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के पालन पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं को देश की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। जिला भ्रमण के दौरान मंत्री सबसे पहले बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य और क्षेत्र के लोगों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में बाबा इन्द्रदमनेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की।
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय स्थित विधानसभा प्रधान कार्यालय पहुंचे, जहां ‘जनकल्याण संवाद, जनता दर्शन, जनता सेवा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं एवं जनहित से जुड़े मुद्दे रखे। मंत्री ने लोगों की बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना, उनकी समस्याओं का समाधान कराना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास आनंद, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।