गंभीर हो रहीं आंखों की बीमारियां: ASG आई हॉस्पिटल में 50 से अधिक डॉक्टरों को मिले विजन सेविंग टिप्स

  • Post By Admin on Sep 06 2026
गंभीर हो रहीं आंखों की बीमारियां: ASG आई हॉस्पिटल में 50 से अधिक डॉक्टरों को मिले विजन सेविंग टिप्स

मुजफ्फरपुर : आधुनिक जीवनशैली और बदलती दिनचर्या के कारण आमजन में आंखों से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। बढ़ती नेत्र समस्याओं, मोतियाबिंद और दृष्टिहीनता के खतरों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शहर के रमना स्थित एएसजी आई हॉस्पिटल में रविवार, 6 सितंबर 2026 को निरंतर चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) सह नेत्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह विशेष तकनीकी सत्र मुजफ्फरपुर होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए एएसजी आई हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) और काला मोतिया (ग्लूकोमा) जैसी गंभीर बीमारियां समय पर पहचान न होने पर स्थायी दृष्टिहीनता का कारण बन सकती हैं। उन्होंने प्राथमिक स्तर पर ही इन बीमारियों के लक्षणों को पहचानने और बिना देरी किए मरीजों को सही विशेषज्ञ केंद्र में रेफर करने पर बल दिया।

वहीं, रेटिना विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार ने रेटिना की जटिल समस्याओं, शुरुआती लक्षणों और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समय रहते सटीक निदान से जटिल से जटिल नेत्र रोगों का सफल उपचार संभव है। इस दौरान डॉ. दानिश इकबाल, डॉ. शाक्षी अग्रवाल, डॉ. कृथाना विजय एवं डॉ. प्रवीण आनंद ने भी अपने चिकित्सकीय अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में 50 से अधिक एम.डी. (होम्योपैथी) चिकित्सकों ने भाग लिया। उपस्थित डॉक्टरों को ऑप्थैल्मोलॉजी (नेत्र विज्ञान) के क्षेत्र में आ रही आधुनिक तकनीकों, अत्याधुनिक जांच उपकरणों और समय पर सही उपचार के महत्व से अवगत कराया गया, ताकि ग्रामीण व शहरी स्तर पर मरीजों को सही समय पर बेहतर इलाज मिल सके।