रील के चक्कर में गए जेल, मूर्ति विसर्जन में फायरिंग करने वाला आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 22 2026
रील के चक्कर में गए जेल, मूर्ति विसर्जन में फायरिंग करने वाला आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

लखीसराय : जिला के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकशिवगंज में दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान खुलेआम हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त .315 बोर की लाइसेंसी राइफल और 45 जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के क्रम में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें विसर्जन जुलूस के दौरान दो युवक बंदूक से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। सत्यापन कराने पर यह वीडियो चकशिवगंज का पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मानिकपुर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई।

जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान चकशिवगंज निवासी अमित कुमार आरोही उर्फ गुड्डू तथा सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के बिजली ऑफिस गली निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई .315 लाइसेंसी राइफल और 45 कारतूस भी जब्त कर लिए गए। यह राइफल अमित कुमार के पिता के नाम पर पंजीकृत है, जिसके लाइसेंस को रद्द करने के लिए सक्षम प्राधिकार को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर इस हथियार के संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों का भी खंडन किया है। वीडियो में दिख रहे हथियार को कुछ माध्यमों द्वारा AK-56 बताया जा रहा था, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह सामान्य .315 लाइसेंसी राइफल है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के उत्सव या विसर्जन के दौरान हर्ष फायरिंग करना, हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन करना अथवा सोशल मीडिया पर रील बनाना कानूनन अपराध है। ऐसा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।