ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने पर दिया जोर
- Post By Admin on Oct 22 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास योजनाओं की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ग्रामीण विकास कार्यक्रम समन्वय समिति, VB-G RAM G योजना, जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति तथा आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समय पर लक्ष्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पौधरोपण का शत-प्रतिशत लक्ष्य इसी सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने मनरेगा मजदूरों के शत-प्रतिशत जॉब कार्ड सत्यापन, पहचान पत्र लिंकिंग और समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
VB-G RAM G योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना की साप्ताहिक निगरानी की जाएगी और कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रखंडों के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पहचान पत्र से जुड़े सभी लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर निपटाने का आदेश दिया गया।
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत सभी चिन्हित योजनाओं की पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे विद्यालयों की सूची तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जहां बालिकाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रह गए पात्र लाभुकों का पंचायत और वार्डवार विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया ताकि उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में निपटाने और योजनाओं की गति बढ़ाने की हिदायत देते हुए इसी माह पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह और जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित कई प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।