कोशी स्नातक चुनाव 2026: शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए लखीसराय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
- Post By Admin on Oct 22 2026
लखीसराय : बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सुपर जोनल दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों एवं पीठासीन पदाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराना सभी पदाधिकारियों का संयुक्त दायित्व है, जिसके लिए सभी को अपने कर्तव्यों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा और आपसी समन्वय बनाकर चलना होगा। जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, पुख्ता सुरक्षा इंतजाम, मतदाताओं की सुविधा तथा मतदान प्रक्रिया की निरंतर निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र व बूथों का समय रहते भौतिक निरीक्षण करने और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही यह हिदायत भी दी गई कि मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की समस्या या व्यवधान की स्थिति में वरीय अधिकारियों को तुरंत सूचित करते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।
इस दौरान अधिकारियों को मतपत्र एवं मतपेटिका के संचालन, वरीयता क्रम में मतदान प्रक्रिया तथा आयोग के अन्य तकनीकी नियमों के बारे में विस्तार से समझाया गया। डीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मी पूरी सतर्कता व निष्पक्षता के साथ दायित्व निभाएं। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।