लखीसराय में शहरी स्वास्थ्य मिशन की जिला स्तरीय बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
- Post By Admin on Sep 19 2026
लखीसराय : नगर परिषद लखीसराय के सभागार में शनिवार को शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। नगर परिषद की सभापति की अध्यक्षता में हुई बैठक का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय के तत्वावधान में किया गया। बैठक में शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, विभिन्न अभियानों की प्रगति और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा नगर परिषद की सभापति और कार्यपालक पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद सभापति और कार्यपालक पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। बैठक में शहरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और अभियानों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसमें विशेष रूप से दो सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान पर चर्चा हुई। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
अनीमिया मुक्त बिहार अभियान की प्रगति पर भी चर्चा की गई। बैठक में शहरी क्षेत्र में अनीमिया की पहचान, जांच और आवश्यक उपचार को प्रभावी बनाने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई गई। इसके अलावा सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शहरी क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं के चयन और उनकी भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सभापति और वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि नगर निकाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय के जरिए शहरी आबादी तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इस अवसर पर सभी वार्ड पार्षद, सिटी मैनेजर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला योजना समन्वयक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक सहित स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।