लखीसराय में मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत, बंध्याकरण और नसबंदी सेवाओं पर विशेष जोर

  • Post By Admin on Sep 18 2026
लखीसराय में मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत, बंध्याकरण और नसबंदी सेवाओं पर विशेष जोर

लखीसराय : जिले में परिवार नियोजन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 07 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक 'मिशन परिवार विकास अभियान' का संचालन किया जा रहा है। सिविल सर्जन सह सचिव जिला स्वास्थ्य समिति ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं और सही जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं, जहां परिवार नियोजन से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही अंतराल और आधुनिक साधनों को अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

अभियान के तकनीकी व समन्वय पहलुओं पर जानकारी देते हुए अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) ने स्पष्ट किया कि इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। इसके तहत ICDS, पंचायती राज, जीविका और महादलित विकास मिशन के साथ अंतर-विभागीय समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। प्रखंड स्तर पर बीडीओ की अध्यक्षता में कार्यशालाएं हो रही हैं। आरोग्य दिवस सत्रों पर आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, सीएचओ, स्टाफ नर्स और एएनएम द्वारा योग्य दंपत्तियों की काउंसलिंग की जा रही है तथा 'बास्केट ऑफ चॉइस' के तहत गर्भनिरोधक सामग्रियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही फिक्स्ड डे सर्विस प्लान के तहत बंध्याकरण व नसबंदी की सेवाएं भी नियमित रूप से दी जा रही हैं।

कार्य योजना के मुताबिक, 01 से 06 सितंबर तक स्वास्थ्य तैयारियों को अंतिम रूप देने के बाद 07 से 13 सितंबर तक 'दंपत्ति संपर्क सप्ताह' चलाया गया, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गृह संपर्क कर लाइन लिस्टिंग की गई। इसके बाद 14 से 26 सितंबर तक 'परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा' यानी जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है, जिसमें नसबंदी, बंध्याकरण और अस्थाई साधनों का वितरण किया जा रहा है। 14 सितंबर को अवेयरनेस कैंपेन, मीडिया ब्रीफिंग और स्वास्थ्य मेले के साथ-साथ नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता बढ़ाई गई।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने महिला बंध्याकरण के साथ-साथ पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने और पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। अभियान के दौरान अब तक जिले में 1,17,600 योग्य दंपत्तियों की पहचान की जा चुकी है। आशा एवं आशा फैसिलिटेटर के माध्यम से 23 पुरुष नसबंदी, 556 महिला बंध्याकरण, 348 कॉपर टी एवं 978 अंतरा की सेवा के लिए लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है, जिन्हें प्रेरित कर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में एएनएम स्कूल, लखीसराय द्वारा नुक्कड़ नाटक और बैनर-पोस्टर के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।