लखीसराय में एनीमिया मुक्त बिहार अभियान की शुरुआत, 1.50 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य
- Post By Admin on Aug 25 2026
लखीसराय : राज्य में एनीमिया की रोकथाम और नियंत्रण के उद्देश्य से मंगलवार से “एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” की शुरुआत की गई। यह अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री बिहार द्वारा मंगलवार को अपराह्न 3 बजे किया गया। अभियान के तहत बच्चों, किशोर-किशोरियों, प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं समेत सभी पात्र लाभार्थियों की एनीमिया जांच की जाएगी। जांच के साथ उपचार, परामर्श और जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, सामुदायिक स्तर पर आयोजित VHSND और PMSMA सत्रों तथा विद्यालयों में RBSK मोबाइल हेल्थ टीम के माध्यम से एनीमिया की जांच की जाएगी। इसके लिए डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर का इस्तेमाल किया जाएगा। जांच में एनीमिया पाए जाने पर हीमोग्लोबिन स्तर के आधार पर आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण, आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रति पंचायत प्रतिदिन 25 लाभार्थियों की जांच के लक्ष्य के आधार पर जिले में कुल 1,50,000 लाभार्थियों की एनीमिया जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान में कक्षा 1 से 5 के 5 से 9 वर्ष के बच्चे, कक्षा 6 से 12 के 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियां, 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं तथा पुरुषों सहित अन्य पात्र लाभार्थियों की जांच की जाएगी। मध्यम और गंभीर एनीमिया से पीड़ित लोगों को आवश्यकता के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा। गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया की स्थिति में चिकित्सकीय निगरानी में आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के तहत एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों के उपचार और फॉलो-अप पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान में एनीमिया की जांच के साथ पोषण संबंधी जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा। लाभार्थियों को एनीमिया की रोकथाम एवं प्रबंधन के साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आयरन युक्त खाद्य पदार्थों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा पोषण से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी। जांच के परिणामों की नियमित ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जाएगी। साथ ही एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों के उपचार, फॉलो-अप और परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को सफल बनाने में आशा, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, RBSK मोबाइल हेल्थ टीम, लैब टेक्नीशियन, परामर्शदाता, जीविका CM समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी लखीसराय की अध्यक्षता में सिविल सर्जन लखीसराय, DIO, DS, DPM, DPC, DCM, HM सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय ने आमजनों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाते हुए अपने परिवार के बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं और अन्य पात्र सदस्यों की एनीमिया जांच जरूर कराएं तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की दवा एवं पौष्टिक आहार का सेवन करें।