कोषागार में फाइलों का हिसाब, मैदान में धरोहर की सुरक्षा: लखीसराय डीएम ने परखी जमीनी हकीकत

  • Post By Admin on Oct 24 2026
कोषागार में फाइलों का हिसाब, मैदान में धरोहर की सुरक्षा: लखीसराय डीएम ने परखी जमीनी हकीकत

लखीसराय : जिला प्रशासन ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और जिले की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शनिवार को लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कोषागार कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों का काफिला ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व वाले बालगुदार टीला पहुँचा, जहाँ उसकी सुरक्षा व्यवस्था व संरक्षण का बारीकी से मुआयना किया गया।

कोषागार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार ने विभिन्न पटल पर संचालित वित्तीय व प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सरकारी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यों का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। वित्तीय लेनदेन और प्रक्रियाओं में निर्धारित नियमों व दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की हिदायत कर्मियों को दी गई। कोषागार के बाद डीएम और एडीएम ऐतिहासिक धरोहर बालगुदार टीला पहुंचे। उन्होंने स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, संभावित अतिक्रमण और अन्य जोखिमों से बचाव के आवश्यक पहलुओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बालगुदार टीला जिले की प्राचीन व पुरातात्विक विरासत का गौरवशाली हिस्सा है। आने वाली पीढ़ियों को इसके ऐतिहासिक महत्व से जोड़े रखने के लिए इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि टीले की सतत निगरानी की जाए तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की क्षति या अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रशासनिक कार्यों को गति देने के साथ-साथ जिले की ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है