लखीसराय में शुद्ध पेयजल और स्वच्छता की नई पहल, ट्रीटमेंट प्लांट्स के स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
- Post By Admin on Oct 24 2026
लखीसराय : जिले में शहरी बुनियादी ढांचे के विकास, ठोस स्वच्छता प्रबंधन और आम नागरिकों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की प्रस्तावित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के तहत चिह्नित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने सबसे पहले हसनपुर पहुंचकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण हेतु चिह्नित भूमि का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भूमि की वर्तमान स्थिति, उपलब्धता और परियोजना के क्रियान्वयन की संभावनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भूमि से संबंधित सभी कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रियाओं का शीघ्र समाधान करने और निर्माण कार्य को गति देने के लिए आपसी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत, जिला पदाधिकारी ने बायपास स्थित सिंहों पोखर पहुंचकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) के स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि सिंहों पोखर स्थित WTP के माध्यम से नदी के पानी को वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध कर घर-घर तक पेयजल के रूप में पहुंचाया जाएगा, जिससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था बेहद मजबूत होगी। वहीं, हसनपुर में प्रस्तावित STP के माध्यम से शहर के गंदे पानी और अपशिष्ट का वैज्ञानिक उपचार सुनिश्चित होगा, जिससे शहरी स्वच्छता को नया आयाम मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार तथा बुडको के सहायक परियोजना निदेशक शशिकांत कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक व तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे।