आइस एप्पल : स्वाद और सेहत का अनोखा संगम, फायदे जान हो जाएंगे हैरान
- Post By Admin on May 13 2025

नई दिल्ली : भीषण गर्मी के मौसम में सेहतमंद बने रहने के लिए आइस एप्पल (ताल फल) का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। यह न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाता है, बल्कि दिल, पाचन तंत्र और त्वचा के लिए भी लाभकारी है। विशेषज्ञों के अनुसार, आइस एप्पल में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो गर्मियों में शरीर की विभिन्न समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके पांच प्रमुख फायदे –
दिल को रखता है स्वस्थ
आइस एप्पल का सेवन दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो हानिकारक कोलेस्ट्रॉल के जमाव को रोकने में सहायक होते हैं और हृदय रोग के जोखिम को कम कर सकते हैं। यह रक्त प्रवाह को बेहतर बनाकर दिल को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शरीर को देता है ठंडक
गर्मियों में शरीर का तापमान नियंत्रित रखना जरूरी है, और आइस एप्पल इस काम में काफी प्रभावी है। इसकी तासीर ठंडी होती है, जो शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक पहुंचाने में मदद करती है। इसे जूस के रूप में भी पी सकते हैं, जो न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि शरीर को तरोताजा भी रखता है।
पाचन तंत्र को सुधारता है
फाइबर से भरपूर आइस एप्पल पाचन के लिए भी फायदेमंद है। इसका नियमित सेवन पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। यह आंतों में सूजन और जलन को कम करने में भी सहायक है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है
आइस एप्पल में विटामिन-सी की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मददगार है। इसके सेवन से शरीर संक्रमण और बीमारियों से लड़ने में सक्षम बनता है।
त्वचा के लिए लाभकारी
यह फल न केवल आंतरिक, बल्कि बाहरी सेहत के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट तत्व त्वचा की सूजन और जलन को कम करते हैं, साथ ही मुंहासों और ब्लैकहेड्स से छुटकारा दिलाने में भी मदद करते हैं। आइस एप्पल का फेस मास्क त्वचा को पोषण देकर उसे चमकदार बना सकता है।
स्वाद और सेहत का अनोखा संगम
आइस एप्पल न केवल सेहत के लिहाज से फायदेमंद है, बल्कि इसका ताजगी भरा स्वाद गर्मियों में राहत देने का बेहतरीन जरिया है। विशेषज्ञ भी इसके सेवन की सलाह देते हैं। ऐसे में अगर आप गर्मियों में कुछ नया और सेहतमंद ट्राई करना चाहते हैं, तो आइस एप्पल एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।