विजन विहीन हो चुका विपक्ष, हार सामने देख संस्थाओं पर उठा रहा सवाल : विजय कुमार सिन्हा
- Post By Admin on Aug 13 2025
.jpg)
पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ठोस मुद्दों के अभाव में उनकी राजनीति ‘विजन विहीन’ हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष न केवल नेता, नीति और नीयत के संकट से जूझ रहा है, बल्कि अब नैतिकता की सीमाएं भी लांघ रहा है।
सिन्हा ने कहा कि 2014 से ही विपक्ष जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को अस्वीकार करने में जुटा है और सरकार, सरकारी संस्थाओं तथा संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ आधारहीन आरोप लगाकर अराजक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके तर्कों को साक्ष्य के साथ गलत साबित कर दिया जाता है, तो विपक्ष वैध तथ्यों को भी झूठा ठहराने से बाज नहीं आता।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का पूरा तंत्र सरकार, संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक मर्यादा को नुकसान पहुंचा रहा है। संसद जैसे लोकतांत्रिक विमर्श के मंच को बाधित करना, चुनाव आयोग की साख पर हमला करना और न्यायपालिका को पक्षपाती बताना इसकी मिसालें हैं।
तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिन्हा ने कहा कि यह वही लोग हैं जिनके शासनकाल में बैलेट बॉक्स से धांधली के किस्से मशहूर थे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अपमानित किया जाता था। उन्होंने याद दिलाया कि के.जे. राव जैसे चुनाव अधिकारियों के प्रयास से ही बिहार में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना हुई थी।
सिन्हा ने चेतावनी दी कि राजनीतिक जमीन खोते हुए विपक्ष देश के लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की साख को कमजोर करने का खतरनाक प्रयास कर रहा है, जो जनविश्वास और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।