MLC चुनाव पर जदयू की नजर, उम्मीदवारों के नामों पर आज होगी मुहर
- Post By Admin on May 31 2026
पटना : बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अपने संभावित उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार 18 जून को प्रस्तावित विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। माना जा रहा है कि जून के पहले सप्ताह में सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। गठबंधन के तहत जदयू को 10 में से 4 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में चुनावी रणनीति, सामाजिक समीकरण और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जदयू की ओर से एक उम्मीदवार के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को विधान परिषद चुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि शेष तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी पिछड़ा, अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक और लंबे समय से संगठन में सक्रिय नेताओं को अवसर देने की रणनीति पर विचार कर रही है।
संभावित उम्मीदवारों की सूची में ललन मंडल, चंदेश्वर चंद्रवंशी, राजीव कुमार सिंह, हर्षवर्धन सिंह और गुलाम रसूल बलियावी जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व की बैठक के बाद ही सामने आएगा। विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होकर 8 जून तक चलेगी। ऐसे में सभी राजनीतिक दल उम्मीदवारों के चयन को लेकर तेजी से तैयारी कर रहे हैं। जदयू की यह बैठक चुनावी दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।