​विद्यार्थियों को मिला करियर संवारने का मंच, आरडीएस कॉलेज में संपन्न हुई सात दिवसीय ट्रेनिंग

  • Post By Admin on Oct 16 2026
​विद्यार्थियों को मिला करियर संवारने का मंच, आरडीएस कॉलेज में संपन्न हुई सात दिवसीय ट्रेनिंग

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाने और उनके करियर संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कॉलेज की प्लेसमेंट सेल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह गहन कौशल विकास प्रशिक्षण सत्र 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अजमत अली ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आज के दौर की औद्योगिक जरूरतों और रोजगारोन्मुख कौशलों से रूबरू कराना है, जिससे वे आगामी प्लेसमेंट प्रक्रियाओं के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। सात दिनों तक चले इस विशेष सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और करियर से जुड़ी बुनियादी व व्यावहारिक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया गया।

डॉ. अजमत अली ने आगे बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थी अगले महीने महाविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले प्लेसमेंट अभियान में शामिल होंगे। यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर दिलाने और उनके भीतर पेशेवर आत्मविश्वास विकसित करने में अत्यंत मददगार साबित होगी।

इस सात दिवसीय प्रशिक्षण के सफल और सुचारू संचालन में समन्वयक डॉ. अजमत अली के साथ-साथ प्लेसमेंट सेल कमेटी के सदस्य डॉ. भगवान कुमार, डॉ. आशुतोष मिश्रा, डॉ. प्रियंका दीक्षित एवं डॉ. जयदीप घोष की सराहनीय और सक्रिय भूमिका रही।