एलएनटी कॉलेज में सरदार पटेल को नमन, शपथ समारोह के बाद निकली एकता दौड़
- Post By Admin on Oct 31 2026
मुजफ्फरपुर : ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में शपथ समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने शिक्षकों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. ममता रानी ने पौधा भेंट कर प्राचार्या का स्वागत किया। इसके बाद एनएसएस की स्वयंसेविकाओं समीक्षा कुमारी और खुशी कुमारी ने एनएसएस गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान प्रतीक थे। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने देश को एक सूत्र में बांधने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गुजरात में स्थापित 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल के योगदान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामूहिक शक्ति का भी प्रतीक है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, आपसी सद्भाव और देशप्रेम की भावना अपनानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक ऐश्वर्य आनंद को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उनकी इस उपलब्धि पर प्राचार्या और उपस्थित शिक्षकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद प्राचार्या डॉ. ममता रानी, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की एकता को अक्षुण्ण रखने तथा समाज में भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया।
शपथ समारोह के बाद ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की गई। इसके लिए महाविद्यालय परिसर में छात्र, छात्राओं और शिक्षकों की अलग-अलग कतारें बनाई गईं। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में लगभग एक किलोमीटर की दौड़ निकाली गई। दौड़ महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर अघोरिया चौक होते हुए कलमबाग चौक तक पहुंची। इसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता में है और इसे बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रसायनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।