आरडीएस कॉलेज में ‘रन फॉर यूनिटी’ से गूंजा एकता का संदेश, कैडेट्स ने ली राष्ट्ररक्षा की शपथ
- Post By Admin on Oct 31 2026
मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 32 बिहार बटालियन एनसीसी के तहत कॉलेज की एनसीसी इकाई की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज के 60 एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) लेफ्टिनेंट जॉयदीप घोष और सूबेदार नरेश कुमार ने किया। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं के मजबूत इरादे और जिम्मेदार भागीदारी से ही देश की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील की।
एकता दौड़ के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने समाज में आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया। आयोजन के समापन पर सभी 60 कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। उन्होंने राष्ट्र की एकता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स को अनुशासन, सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।