लंगट सिंह कॉलेज में हिंदी दिवस पर व्याख्यान का आयोजन

  • Post By Admin on Sep 14 2024
लंगट सिंह कॉलेज में हिंदी दिवस पर व्याख्यान का आयोजन

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के हिंदी विभाग और भारतीय भाषा मंच, उत्तर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य पर "हिंदी की वर्तमान स्थिति और संभावनाएं" विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने की जबकि मुख्य अतिथि सह मुख्य वक्ता के रूप में सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) भानु प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।

प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी भारत की एकता और विविधता का प्रतीक है। यह भाषा न केवल देशभक्ति और संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि समृद्धि का भी प्रतीक है। उन्होंने छात्रों से अपनी मातृभाषा के प्रति समर्पण की अपील करते हुए हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रकवि दिनकर, जानकी बल्लभ शास्त्री और बेनीपुरी जी जैसे महापुरुषों की स्मृति का उल्लेख करते हुए दिनकर की कविताओं का सस्वर पाठ किया।

मुख्य वक्ता एएसपी भानु प्रताप सिंह ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी भारत की प्रमुख भाषाओं में से एक है और वैश्विक स्तर पर तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। उन्होंने हिंदी के समृद्ध शब्द भंडार और इसकी साहित्यिक परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तुलसीदास, प्रेमचंद, महादेवी वर्मा जैसे साहित्यकारों ने हिंदी को समृद्ध करते हुए समाज को दिशा प्रदान की है।

विषय प्रवेश कराते हुए डॉ. राजेश्वर कुमार ने कहा कि हिंदी की स्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है और इसे 150 देशों में किसी न किसी रूप में पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने छात्रों को हस्ताक्षर और अन्य आधिकारिक कार्यों में हिंदी के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव झा ने दिया। इससे पहले प्राचार्य और एएसपी ने वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. अनामिका आनंद सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।