बिहार में शिक्षकों को बड़ी राहत: सेवा लाभ, वेतन वृद्धि और नई तबादला नीति का ऐलान
- Post By Admin on Feb 27 2026
पटना : बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी राहत भरा निर्णय लिया है। सरकार ने शिक्षकों की सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक कदम उठाते हुए सेवा लाभ प्रदान करने और तबादला प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में पहल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत सेवा अवधि से संबंधित विवादों का निपटारा किया जाएगा और अप्रैल से समायोजन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इससे हजारों शिक्षकों को लंबे समय से लंबित सेवा लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।
इसके साथ ही शिक्षकों के तबादले को लेकर भी नई नियमावली तैयार की जा रही है। विभाग मार्च माह तक इस नीति को अंतिम रूप दे सकता है। नई व्यवस्था के तहत विभागीय स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें प्रमंडल स्तर पर आयुक्त की अध्यक्षता में सात सदस्यीय टीम तबादले की प्रक्रिया की निगरानी करेगी। माना जा रहा है कि जल्द ही बड़े पैमाने पर तबादले शुरू हो सकते हैं।
वित्त मंत्री Bijendra Prasad Yadav ने जानकारी दी कि फरवरी माह में वेतन बढ़ोतरी का लाभ भी दिया जाएगा। इस फैसले से लगभग 7.5 लाख नियमित कर्मचारी और करीब 5.85 लाख शिक्षक-प्रधानाध्यापक लाभान्वित होंगे।
सरकार के इस फैसले को शिक्षकों के लिए राहत पैकेज जैसा कदम माना जा रहा है। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से न केवल शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया में भी पारदर्शिता और गति आने की उम्मीद है।