गायघाट डिग्री कॉलेज में शिक्षक संघ का गठन, डॉ. सुशील कुमार को अध्यक्ष की जिम्मेदारी

  • Post By Admin on Oct 14 2026
गायघाट डिग्री कॉलेज में शिक्षक संघ का गठन, डॉ. सुशील कुमार को अध्यक्ष की जिम्मेदारी

मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट में शिक्षक संघ का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव में शिक्षकों ने आपसी सहमति से संघ के विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया। नवनिर्वाचित टीम से महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और संस्थान के विकास में योगदान की उम्मीद जताई गई है।

चुनाव में अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशील कुमार को शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया। अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. आयुष वत्स को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक सुश्री शिखा रॉय उपाध्यक्ष तथा हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. शिल्पा उपाध्याय कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।

चुनाव संपन्न होने के बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक संघ की नई टीम महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, शिक्षकों के बीच समन्वय स्थापित करने और संस्थान की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. उपांशु, डॉ. तरुण भट्ट, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. विशाल तिवारी, डॉ. दत्तात्रेय, श्री गणेश, श्री अभिज्ञान और सुश्री अंजू प्रकाश सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होने को महाविद्यालय में आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानाजा रहा है।