बीआरए बिहार विवि में रिजल्ट गड़बड़ी को लेकर पीजी छात्रों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
- Post By Admin on Sep 15 2026
मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर सत्र 2024-26 और 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने रिजल्ट में कथित गड़बड़ी, उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने और छात्रसंघ चुनाव कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जुलूस निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।
छात्र विश्वविद्यालय के धरना स्थल पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस निकालकर प्रशासनिक भवन होते हुए कुलपति आवास पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी दूर करने, प्रथम सेमेस्टर का परिणाम स्पष्ट करने, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और उन्हें उपलब्ध कराने तथा आर्थिक एवं मानसिक शोषण बंद करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। छात्रों ने विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जनवादी तरीके से जल्द कराने की मांग भी उठाई। जुलूस के माध्यम से छात्रों ने मांग की कि मूल्यांकन की जा चुकी उत्तर पुस्तिकाएं 10 दिनों के भीतर उन्हें उपलब्ध कराई जाएं। छात्रों का कहना है कि उत्तर पुस्तिकाएं मिलने से रिजल्ट में हुई कथित गड़बड़ियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके अलावा उन्होंने छात्रसंघ चुनाव अविलंब कराने की मांग भी दोहराई।
कुलपति आवास पहुंचने के बाद छात्रों ने मांग-पत्र सौंपा। छात्रों के अनुसार, कुलपति की ओर से उन्हें बताया गया कि उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जा रहा है और इसके बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। छात्रों ने इस आश्वासन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पहले मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, इसके बाद ही पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया पर बात हो। छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उनका कहना था कि कुलपति ने स्वयं छात्रों से वार्ता करने के बजाय अधिकारियों के माध्यम से आश्वासन दिलाया। छात्रों ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये के रूप में बताया और कहा कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर रिजल्ट से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और इसके कारण छात्र अगले सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने से वंचित होते हैं, तो चरणबद्ध तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। छात्रों की मांगों के समर्थन में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) के जिला अध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में भी छात्रों ने प्रदर्शन में भाग लिया। विरोध प्रदर्शन में रंजन कुमार यादव, प्रकाश कुमार, राहुल कुमार समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।