दुनिया के शीर्ष संग्रहालयों में शामिल हुआ बिहार म्यूजियम, वैश्विक सूची में मिला नौवां स्थान
- Post By Admin on Oct 31 2026
पटना : बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार म्यूजियम को वर्ष 2026 के दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। जर्मनी की यात्रा पत्रिका ‘वर्थ अ जर्नी’ की ओर से जारी इस सूची में बिहार म्यूजियम एशिया का सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाला संग्रहालय बना है।
इस सूची में स्थान पाने वाला बिहार म्यूजियम भारत का एकमात्र संग्रहालय बताया गया है। इस उपलब्धि के साथ इसने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसे दसवां स्थान मिला है। वहीं, पेरिस का लूव्र संग्रहालय 31वें स्थान पर रहा। सूची में पहला स्थान मेक्सिको सिटी के म्यूजियो नैशनल डी एंतरोपोलोजिया को मिला है।
पटना के बेली रोड पर स्थित बिहार म्यूजियम राज्य की प्राचीन सभ्यता, इतिहास, कला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रागैतिहासिक काल से लेकर आधुनिक दौर तक की ऐतिहासिक सामग्री प्रदर्शित की गई है। संग्रहालय में पुरातात्विक अवशेषों, प्राचीन मूर्तियों, सिक्कों, पांडुलिपियों और लोक कलाओं का संग्रह मौजूद है। संग्रहालय की प्रमुख धरोहरों में दीदारगंज की प्रसिद्ध यक्षी प्रतिमा, कुर्किहार की कांस्य प्रतिमाएं और प्राचीन काल के पत्थर के औजार शामिल हैं। यहां भगवान बुद्ध से संबंधित ऐतिहासिक कलाकृतियां भी प्रदर्शित हैं। संग्रहालय परिसर को आधुनिक वास्तुकला और ऐतिहासिक विरासत के समन्वय के साथ विकसित किया गया है।
इस वैश्विक सूची में बिहार म्यूजियम का नौवां स्थान हासिल करना राज्य की कला, इतिहास और विरासत के संरक्षण के प्रयासों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है। इससे बिहार की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों के बीच नई पहचान मिलने की उम्मीद है।