तेलकटवा गिरोह के दो सदस्य अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 25 2024
तेलकटवा गिरोह के दो सदस्य अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर : साहेबगंज थाना पुलिस ने गुरुवार को तेलकटवा गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को अवैध हथियार और तेल चोरी के उपकरणों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रामपुर सितुआही के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में यह जानकारी मिली कि दोनों लूट और तेल चोरी की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माधोपुर बुजुर्ग, देवरिया थाना निवासी मंकेश्वर राय के पुत्र अखिलेश कुमार और माधोपुर हजारी, साहेबगंज थाना निवासी लखिंद्र राय के पुत्र मुरत कुमार के रूप में हुई है। 

पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल, चार कारतूस, एक खोखा, एक स्विफ्ट कार, 11 खाली गैलन, और दो मीटर तेल निकालने का पाइप बरामद किया है। 

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। मुरत कुमार पर उजियारपुर (समस्तीपुर) में धारा 379/414/34 भा.दं.वि. के तहत कई मामले दर्ज हैं, जबकि अखिलेश कुमार पर भी इसी धारा के तहत आरोप हैं। 

पुलिस की कार्रवाई के बाद साहेबगंज थाना में कांड सं. 539/24 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने इलाके में कई तेल चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।