बिहरौरा हाई स्कूल के पास अवैध हथियार संग घूम रहा था युवक, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

  • Post By Admin on Sep 19 2026
बिहरौरा हाई स्कूल के पास अवैध हथियार संग घूम रहा था युवक, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

लखीसराय : जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी अप्रिय घटना को होने से रोक लिया है। दिनांक 19 सितंबर 2026 को पुलिस ने उच्च विद्यालय, बिहरौरा के समीप हथियार के साथ घूम रहे एक 19 वर्षीय युवक को रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

रामगढ़ चौक थाना पुलिस को उच्च विद्यालय बिहरौरा के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार और कारतूस लेकर स्कूल के पास किसी व्यक्ति के साथ मारपीट और गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर विधिवत तलाशी ली, जिसके दौरान उसके पास से अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बरतारा, थाना रामगढ़ चौक निवासी भरत पासवान के 19 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद लखीसराय पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध हथियार रखना, उसकी खरीद-बिक्री करना या सार्वजनिक स्थल व सोशल मीडिया पर इसका प्रदर्शन करना एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।