शराबबंदी पर लखीसराय पुलिस का कड़ा प्रहार: 2 बाइक समेत भारी मात्रा में शराब बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार

  • Post By Admin on Sep 18 2026
शराबबंदी पर लखीसराय पुलिस का कड़ा प्रहार: 2 बाइक समेत भारी मात्रा में शराब बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार

लखीसराय : मद्य निषेध थाना लखीसराय की पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 17 सितंबर 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत देशी व विदेशी शराब की भारी खेप, मोटरसाइकिलें बरामद की गईं और धंधेबाजों को दबोचा गया।

पहली कार्रवाई किऊल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामेश्वरधाम मंदिर के समीप श्रृंगारपुर मुसहरी में की गई। यहां से पुलिस ने 75 लीटर चुलाई शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की, जबकि 30 लीटर शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में सिंहचक वार्ड संख्या 08 निवासी सोनू कुमार (पिता सुनील यादव) और रविश कुमार (पिता सुबोध कुमार) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरा नामजद आरोपी भरत यादव का पुत्र अशोक यादव मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

दूसरी बड़ी सफलता कजरा थाना क्षेत्र के श्रीघना मोड़ के समीप मिली। यहां छापेमारी दल ने 255 लीटर चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो धंधेबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्रीकिशुन कोड़ासी निवासी साखा कुमार (पिता मनोज कोड़ा) और सुबित कोड़ा (पिता स्वर्गीय महेन्द्र कोड़ा) के रूप में हुई है।

वहीं तीसरी कार्रवाई में उत्पाद थाना लखीसराय के मुख्य द्वार पर जांच के दौरान दो महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 14.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पकड़ी गई महिलाओं में नवादा जिले के पकड़ी वर्मा थाना अंतर्गत डोला निवासी चांदनी कुमारी (पति अंकित कुमार) और लखीसराय के पिपरिया थाना क्षेत्र के लाल दियारा निवासी चमचम कुमारी (पति दिलखुश कुमार) शामिल हैं। मद्य निषेध विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।