ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई, 2.73 लाख रुपए के चोरी के सामान के साथ गिरफ्तारी

  • Post By Admin on Sep 14 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई, 2.73 लाख रुपए के चोरी के सामान के साथ गिरफ्तारी

लखीसराय : यात्रियों के सामान की चोरी पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत सोमवार को किऊल-हथिदह रेलखंड पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक काले रंग का हैंडबैग, 73 हजार रुपए नकद और तीन महंगे मोबाइल बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.73 लाख रुपए बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार अपने जवानों के साथ यात्रियों के सामान की चोरी की रोकथाम के लिए किऊल से हथिदह स्टेशन तक गाजीपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में मार्गरक्षण कर रहे थे। इसी दौरान हथिदह स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले एक व्यक्ति को चलती ट्रेन से काले रंग का हैंडबैग लेकर उतरते हुए देखा गया। हथिदह स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल मोकामा के निरीक्षक प्रभारी रविंद्र प्रसाद यादव भी अपने जवानों के साथ यात्री सुरक्षा के लिए सतर्कता से तैनात थे। संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन से उतरते देख उपलब्ध बल सदस्यों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान अमित उर्फ मनीष कुमार, पिता मुकेश सिंह, ग्राम इंदुपुर, वार्ड संख्या-03, थाना बड़हिया, जिला लखीसराय के रूप में हुई।

आरपीएफ के अनुसार, विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी का हैंडबैग बरामद हुआ, जिसमें 73 हजार रुपए नकद और तीन महंगे मोबाइल फोन मिले। बरामद मोबाइल की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी कोई यात्रा टिकट भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने उक्त हैंडबैग को ट्रेन में चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। आरपीएफ की ओर से आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए सुबह 3:10 बजे गिरफ्तार किया गया। मामले में रेलवे सुरक्षा बल किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस, हथिदह में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आगे की कार्रवाई और मामले की प्रगति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।आरपीएफ के अनुसार, बरामद चोरी के सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2,73,000 रुपए है।