छेड़खानी के विरोध पर 10 साल की लड़की को पेट्रोल डालकर जिन्दा जलाया

  • Post By Admin on Jan 20 2023
छेड़खानी के विरोध पर 10 साल की लड़की को पेट्रोल डालकर जिन्दा जलाया

हाजीपुर : बिहार के हाजीपुर से खौफनाक मामला सामने आया है। हाजीपुर के राजापाकर के बहुआरा गांव में एक शादी समारोह में डांस करने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ दबंगों ने 10 साल की लड़की पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बीते रात बुधवार को बहुआरा में एक घर के सामने से बारात गुजर रही थी। बारात में मोहल्ले की लड़कियां भी डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ मनचले लड़के डांस कर रही लड़कियों के बीच पहुंच कर डांस करने की कोशिश करने लगे। लड़के डांस करने के बहाने लड़कियों के साथ छेड़खानी करने लगें। जब लड़कियों ने विरोध किया तो मनचले लड़के वहां से चले गए। जैसे ही मोहल्ले के लोग बारात के लिए निकल गए तो दबंग लडके रात और एकांत का फायदा उठाते हुए एक लड़की को पकड़ लिया। इन दबंगों ने लड़की पर पेट्रोल डाला और उसको जिंदा जला दिया। घायल लड़की को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छठी कक्षा में पढ़ने वाली यह लड़की बुरी तरह से झुलस गई है। पुलिस ने पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया है। आग से बुरी तरह झुलस चुकी लड़की ने पुलिस को बताया कि बगल वाले टोले के भैय्या ने पीछे से पकड़ लिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दिया।

SDPO पूनम केसरी ने बताया कि शादी समारोह में डांस करने को लेकर पास के मोहल्ले के लड़कों से झगड़ा हुआ था। आरोपी लड़कों ने बदले की नियत से आग लगाने की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने शुरूआती जांच में लड़कियों से मनचले लड़कों की डांस करने को लेकर झड़प की पुष्टि की है, साथ ही वारदात वाली जगह पर जले कपड़े और केरोसिन जैसी चीज भी मिली है। 

बता दें कि वारदात में शामिल आरोपी फरार हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में कई जगह छापेमारी की है।