सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता : एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरन सहित तीन नक्सली ढेर

  • Post By Admin on Sep 15 2025
सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता : एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरन सहित तीन नक्सली ढेर

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार सुबह बरकट्ठा-गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में हुई मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी शीर्ष माओवादी नेता सहदेव सोरन उर्फ प्रवेश समेत तीन नक्सली ढेर हो गए।

पुलिस मुख्यालय ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए अन्य नक्सलियों में 25 लाख का इनामी और भाकपा (माओवादी) झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम और 10 लाख का इनामी वीर सेन गंझू शामिल हैं। मौके से तीन एके-47 राइफल भी बरामद की गई हैं।

बीते दो दिनों में यह पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। रविवार को पलामू के मनातू जंगल में सुरक्षा बलों ने टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के 5 लाख के इनामी नक्सली मुखदेव यादव को मार गिराया था। इससे पहले 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में 10 लाख का इनामी नक्सली अमित हांसदा मारा गया था, जो 96 वारदातों में वांटेड था।

झारखंड पुलिस के अनुसार राज्य में वर्तमान में 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं। इनमें से 58 इनामी सूची में हैं, जिन पर कुल 5 करोड़ 46 लाख रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में 13 बड़े नक्सली शामिल हैं, जिनमें मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ रुपए का इनाम है।

इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई 21 अप्रैल को बोकारो जिले के लुगु पहाड़ पर हुई थी, जब एक करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी सहित आठ माओवादी मारे गए थे। झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत अभियान तेज किए हुए हैं।