ब्राह्मणों की संख्या बढ़ाने के लिए 4 बच्चे पैदा करने पर 1 लाख रुपये का इनाम, परशुराम बोर्ड की अपील

  • Post By Admin on Jan 13 2025
ब्राह्मणों की संख्या बढ़ाने के लिए 4 बच्चे पैदा करने पर 1 लाख रुपये का इनाम, परशुराम बोर्ड की अपील

इंदौर : परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष विष्णु राजोरिया ने सनाढ्य ब्राह्मण समाज के परिचय सम्मेलन में सनातन धर्म की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के नए जोड़े यदि चार बच्चे पैदा करेंगे तो उन्हें बोर्ड की ओर से 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह सम्मेलन रविवार को इंदौर में आयोजित किया गया था।

विष्णु राजोरिया ने कहा कि देश में विधर्मी आबादी तेजी से बढ़ रही है। जबकि ब्राह्मणों की संख्या में गिरावट हो रही है। उन्होंने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी आने वाली पीढ़ी की जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा, "युवाओं को यह समझना होगा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब ब्राह्मणों की संख्या पर्याप्त होगी।"

उन्होंने आगे कहा, "आजकल युवा पढ़ाई और खर्चे का हवाला देकर कम बच्चे पैदा करने की सोचते हैं। लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि खर्च चाहे थोड़ा ज्यादा हो या कम, लेकिन चार बच्चे जरूर होने चाहिए। यह हमारी संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए जरूरी है।"

परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने मंच से घोषणा की कि चार बच्चे पैदा करने वाले ब्राह्मण परिवारों को बोर्ड की ओर से 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "यह इनाम मेरी अध्यक्षता में हो या किसी और की यह परंपरा जारी रहेगी।"

राजोरिया ने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जहां भी खुदाई होती है, वहां मंदिरों के अवशेष मिलते हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा धर्म की रक्षा के लिए प्रयास किया है। उन्होंने कहा, "आज लोकतंत्र में जन बल सबसे बड़ा बल है। इसलिए ब्राह्मणों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।"

विष्णु राजोरिया ने कहा कि ब्राह्मण समाज की संख्या में कमी चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने समाज, गोत्र और सनातन धर्म की रक्षा के लिए अधिक बच्चे पैदा करें। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ब्राह्मण समाज की पहचान और परंपराएं सुरक्षित रहें।"

राजोरिया ने कहा कि यह विषय युवाओं को असुविधाजनक लग सकता है, लेकिन इसे गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने कहा, "यह एक ज्वलंत मुद्दा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी हमारी है। ब्राह्मण समाज को जनसंख्या वृद्धि के माध्यम से अपनी शक्ति बढ़ानी होगी।"