अयोध्या को मिलेगा भरत पथ का सौगात, 900 करोड़ की लागत से जुड़ेंगे रामभक्ति के ऐतिहासिक स्थल
- Post By Admin on May 21 2025
.jpg)
अयोध्या : राम जन्मभूमि और भक्ति की राजधानी अयोध्या को एक और धार्मिक मार्ग की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब ‘भरत पथ’ का निर्माण प्रस्तावित है, जो भगवान श्रीराम के अनुज भरत की तपोस्थली भरतकुंड को भक्ति पथों की श्रृंखला से जोड़ेगा। राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ के बाद भरत पथ अयोध्या के आध्यात्मिक मानचित्र को और विस्तार देगा।
लोक निर्माण विभाग ने भरत पथ की डीपीआर तैयार कर 900 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ मुख्यालय को भेज दी है। यह नया पथ लगभग 20 किलोमीटर लंबा होगा और रानोपाली रेलवे क्रॉसिंग से शुरू होकर विद्याकुंड व दर्शननगर से होता हुआ प्रयागराज हाईवे स्थित भरतकुंड तक पहुंचेगा।
भरत पथ को आधुनिक डिजाइन के साथ राम पथ की ही तर्ज पर भव्य और श्रद्धा से परिपूर्ण बनाया जाएगा। सड़क दोनों ओर 9-9 मीटर चौड़ी होगी, जबकि बीच में 2.5 मीटर का डिवाइडर होगा, जिससे यातायात सुरक्षित और व्यवस्थित रहेगा। मार्ग पर दूधिया रोशनी के लिए विशेष लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।
धार्मिक दृष्टिकोण से भरतकुंड का विशेष महत्व है। मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान राम के अनुज भरत ने यहीं 14 वर्षों तक तपस्या की थी और यहीं राजा दशरथ का पिंडदान किया था। यहां स्थित पौराणिक सरोवर आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। पूर्वांचल और प्रयागराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पथ यात्रा को सुगम बनाएगा।
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई है। सरकार श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने हेतु लगातार नए मार्गों का निर्माण और पुराने धार्मिक पथों का चौड़ीकरण कर रही है। भरत पथ इस दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगा। अब यह देखना बाकी है कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य कब शुरू होता है।