रूस-यूक्रेन युद्ध तेज, कीव पर मिसाइल और ड्रोन हमले से भारी तबाही

  • Post By Admin on Aug 06 2026
रूस-यूक्रेन युद्ध तेज, कीव पर मिसाइल और ड्रोन हमले से भारी तबाही

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद हिंसक हो गया है। रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उससे सटे कीव ओब्लास्ट (क्षेत्र) पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया। यूक्रेनी आपातकालीन सेवा (एसईएस) और सैन्य प्रशासन के अनुसार, हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, आधी रात के बाद रूसी सेना ने राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्रों को निशाना बनाकर कई बैलिस्टिक मिसाइलें और लड़ाकू ड्रोन दागे। हमले के दौरान शहर में एक घंटे से अधिक समय तक हवाई हमले के सायरन बजते रहे और लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

सबसे अधिक तबाही ब्रोवारी जिले में हुई, जहां नौ लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। वहीं बुचा जिले में चार नागरिकों की जान चली गई, जबकि फास्टिव जिले में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। हमले के दौरान मिसाइलों के सीधे प्रहार और मलबा गिरने से ब्रोवारी, वेलिका डाइमेरका और चायकी क्षेत्रों में स्थित बड़े गोदामों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों में भीषण आग लग गई। दमकल और बचाव दल आग पर काबू पाने में जुटे रहे। कीव के होलोसिव्स्की जिले में एक गैर-आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने के बाद अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू हो गया। हालांकि आपातकालीन टीमों ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

कीव के मेयर विटाली क्लिचको और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कई इमारतों के मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। बचाव दल लगातार राहत कार्य चला रहे हैं। हमले में बहुमंजिला इमारतों, गोदामों और कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद यूक्रेन ने अपने पश्चिमी सहयोगियों और अमेरिका से अतिरिक्त 'पैट्रियट' वायु रक्षा प्रणाली तथा इंटरसेप्टर मिसाइलों की तत्काल आपूर्ति की मांग की है। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक वायु रक्षा प्रणाली से भविष्य में बैलिस्टिक मिसाइलों को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट किया जा सकेगा।