कतर : ईरान द्वारा कतर के प्रमुख ऊर्जा केंद्र रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर किए गए मिसाइल हमले से वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल मच गई है। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) निर्यात केंद्रों में शामिल है, जो वैश्विक आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध कराता है।
कतर अधिकारियों के अनुसार, हमले के दौरान चार मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, जबकि एक मिसाइल औद्योगिक क्षेत्र में गिर गई। हालांकि, सतर्कता बरतते हुए पहले ही प्लांट को खाली करा लिया गया था, जिससे सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। QatarEnergy ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को देश की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जवाबी कार्रवाई में कतर ने ईरान के सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है।
इससे पहले अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में समुद्री यातायात बाधित हो गया था। हाल ही में ड्रोन हमले के चलते उत्पादन भी रोकना पड़ा था और ‘फोर्स मेज्योर’ घोषित कर दिया गया था, जिससे वैश्विक एलएनजी बाजार में अस्थिरता और बढ़ गई।
हमले का सबसे अधिक असर एशिया और यूरोप पर पड़ने की आशंका है, क्योंकि ये क्षेत्र ऊर्जा जरूरतों के लिए आयातित गैस पर निर्भर हैं। इस बीच अबू धाबी ने एहतियात के तौर पर हबशान गैस प्लांट बंद कर दिया, जबकि सऊदी अरब ने भी अपने ऊर्जा ठिकानों पर ड्रोन हमलों को नाकाम करने का दावा किया है।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ऊर्जा बाजार पर असर साफ दिखने लगा है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल आया है और यह करीब 8 प्रतिशत बढ़कर 111.90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो वैश्विक गैस आपूर्ति और कीमतों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है।










