शतरंज मुकाबले से हुई खेल महोत्सव की शुरुआत, प्राचार्य डॉ. ममता रानी बनीं विजेता

  • Post By Admin on Mar 19 2026
शतरंज मुकाबले से हुई खेल महोत्सव की शुरुआत, प्राचार्य डॉ. ममता रानी बनीं विजेता

मुजफ्फरपुर: ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के अंतर्गत वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिता में उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां लगभग 125 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ममता रानी एवं डॉ. विजय कुमार द्वारा शतरंज प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले से हुई। इस मुकाबले ने पूरे आयोजन का माहौल रोमांचक बना दिया। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां हर चाल सोच-समझकर चली जा रही थी। अंततः एक निर्णायक चाल के चलते डॉ. विजय कुमार को पराजय का सामना करना पड़ा और प्राचार्य डॉ. ममता रानी ने शानदार जीत दर्ज की। इस आयोजन के दौरान महाविद्यालय का पूरा परिसर खेल भावना से सराबोर नजर आया। छात्र-छात्राओं में उत्साह चरम पर था, वहीं शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में खेल अध्यक्ष डॉ. चितरंजन कुमार के नेतृत्व में आयोजन को सफलतापूर्वक संचालित किया गया।

प्रतियोगिता में उपस्थित प्रमुख शिक्षकों एवं कर्मचारियों में पूर्व प्राचार्य डॉ. विजेंद्र झा, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. नीतू, डॉ. रूमा, डॉ. साक्षी, डॉ. अर्चना, डॉ. योगेश, डॉ. ममता, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. ऐजाज, डॉ. कृष्ण कुमार, कन्हैया कुमार एवं असिस्टेंट लाइब्रेरियन सुमित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न खेलों के परिणाम भी घोषित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया। गर्ल्स कैरम में मुस्कान ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि रौशनी परवीन उपविजेता रहीं। गर्ल्स चेस में रौशनी कुमारी ने जीत हासिल की और रानी कुमारी उपविजेता बनीं। बॉयज वर्ग में कैरम प्रतियोगिता में सोनू कुमार विजेता बने और ऐश्वर्य आनंद उपविजेता रहे। वहीं शतरंज में पारस कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और प्रकाश ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। मिक्स प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मिक्स कैरम में चांदनी और चंद्रभान की जोड़ी विजेता रही, जबकि आदर्श और मल्लिका उपविजेता बने। मिक्स चेस में गरिमा और प्रकाश ने बाजी मारी और कंचन कुमारी तथा ऐश्वर्य आनंद की जोड़ी उपविजेता रही।

डबल्स कैरम में सागर राज और इशांत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संध्या कुमारी और प्रिय कुमारी की टीम उपविजेता बनी। इस खेल आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना का भी सशक्त संदेश दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।