सरके चुनर गाने पर बढ़ा विवाद, नोरा फतेही-संजय दत्त समेत 5 को समन
- Post By Admin on Mar 19 2026
नई दिल्ली : राष्ट्रीय महिला आयोग ने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों को लेकर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त समेत पांच लोगों को समन जारी किया है।
आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए मीडिया रिपोर्टों के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की है। जिन लोगों को समन भेजा गया है, उनमें रकीब आलम, निर्माता वेंकट के. नारायण (केवीएन समूह) और निर्देशक किरण कुमार भी शामिल हैं।
आयोग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह गाना यौन रूप से उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करता प्रतीत होता है। इसी के मद्देनजर आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने संबंधित सभी व्यक्तियों को 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आयोग के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में विधि के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।