मिडिल ईस्ट संकट के बीच ट्रंप-पुतिन की फोन पर बातचीत, यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा
- Post By Admin on Mar 10 2026
वाशिंगटन : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन में जारी युद्ध और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
फ्लोरिडा में आयोजित एक प्रेस वार्ता में डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत हुई और यह चर्चा काफी अच्छी रही। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के कई अधिकारी भी शामिल थे और सबसे पहले यूक्रेन में जारी युद्ध की स्थिति पर बात की गई।
ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध एक अंतहीन संघर्ष की तरह बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच व्यक्तिगत तनाव भी इस युद्ध के लंबे समय तक जारी रहने की एक बड़ी वजह है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार दोनों नेताओं के बीच काफी नाराजगी है, जिसके कारण समझौते की प्रक्रिया मुश्किल हो जाती है। इसके बावजूद उन्होंने बातचीत को सकारात्मक बताया और कहा कि इस दौरान मिडिल ईस्ट की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि व्लादिमीर पुतिन ने क्षेत्र में बढ़ते संकट के बीच रचनात्मक भूमिका निभाने की इच्छा जताई है। हालांकि ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना ही रूस की ओर से सबसे बड़ी मदद होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी सैन्य अभियान का भी जिक्र किया और दावा किया कि कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट में संघर्ष तेज हो गया है और वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के कारण दुनिया की बड़ी शक्तियां कूटनीतिक प्रयासों में सक्रिय दिखाई दे रही हैं।