ज़िया ए हक़ फाउंडेशन ने तीन शायरों हेतु समारोह व मुशायरा किया आयोजित
- Post By Admin on Feb 04 2025

पटना : बिहार के साहित्यकार रहबर गयावी (चोंच गयावी), मज़हर वस्तवी और डॉ. नसर आलम नसर को सम्मानित करने के लिए ज़िया ए हक़ फाउंडेशन ने रविवार को सम्मान समारोह और मुशायरा का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध शायर साबिर सहरसावी ने की। जबकि इसे मोहम्मद ज़िया अज़ीम (ट्रस्टी, ज़िया ए हक़ फाउंडेशन) और उनकी टीम ने आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत क़ारी अब्दुल वाजिद इरफानी द्वारा क़ुरआन की तिलावत से हुई, इसके बाद डॉ. नसर आलम नसर ने नात-ए-पाक पेश किया। मुशायरे का संचालन सैयद रिज़वान हैदर और काज़िम रज़ा ने किया। इस अवसर पर तीनों शायरों को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए शॉल और सम्मान पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कई मशहूर शायरों ने अपने बेहतरीन शेर पेश किए। जिनमें नज़र फातमी, चोंच गयावी और वारिस इस्लामपुरी जैसे शायरों ने भी अपनी शानदार शायरी से महफ़िल को रंगीन किया।
कार्यक्रम के समापन पर साबिर सहरसावी ने अपने काव्य पाठ और विचारों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने ज़िया ए हक़ फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए, इसे साहित्यिक दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली संस्था बताया। उन्होंने सम्मानित शायरों को बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजन साहित्यिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
मोहम्मद ज़िया अज़ीम ने सभी मेहमानों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उर्दू भाषा और साहित्य को बढ़ावा देने के लिए समाज के हर व्यक्ति को मिलकर प्रयास करना चाहिए। इस कार्यक्रम में मदरसा ज़िया उल-उलूम के छात्र-छात्राएं और कई प्रमुख व्यक्ति भी उपस्थित थे, जिन्होंने इसे सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सालेहा सिद्दीकी, डॉ. नसर आलम नसर और मोहम्मद ज़िया अज़ीम के अलावा कई अन्य गणमान्य हस्तियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।