बरात जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

  • Post By Admin on May 13 2023
बरात जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

बेगूसराय: राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) 31 फोरलेन खंड पर मुंगेर पुल बाइपास मोड़ के समीप शुक्रवार की देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना में दो युवक घायल हो गए। मृतक खगड़िया जिला के मोरकाही थाना क्षेत्र के बिस्बिट्टी निवासी वीरेन्द्र चौधरी है। घायल युवक भी बिस्बिट्टी निवासी धर्मेन्द्र चौधरी एवं राजेश चौधरी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दोनों घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि वीरेन्द्र चौधरी धमेन्द्र और राजेश के साथ मोटरसाइकिल से बेगूसराय के नीमा चांदपुरा एक बारात में शामिल होने आ रहा था। इस दौरान देर रात करीब एक बजे मुंगेर पुल बाईपास मोड़ के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वीरेन्द्र चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजेश और धर्मेन्द्र घायल हो गए। कुछ देर के बाद गश्त कर रही पुलिस की नजर पड़ी। इसके बाद उसने तीनों को अस्पताल भेजा तथा परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंच गए हैं।