देश पहले की भावना के साथ बैरिया में पूर्व सैनिकों ने दोहराया राष्ट्र सेवा का संकल्प

  • Post By Admin on May 04 2025
देश पहले की भावना के साथ बैरिया में पूर्व सैनिकों ने दोहराया राष्ट्र सेवा का संकल्प

मुजफ्फरपुर : जिले के बैरिया स्थित संत सोल्जर पब्लिक स्कूल, आयाचीग्राम में रविवार को मुजफ्फरपुर पूर्व सैनिक संघ की बैरिया शाखा की मासिक बैठक ‘देश पहले’ की भावना के साथ सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष अवध प्रताप सिंह ने की और यह आयोजन संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को और दृढ़ करने का अवसर बन गया।

बैठक की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट के मौन के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों की आंखों में आक्रोश के साथ-साथ देश के लिए हर समय समर्पित रहने का संकल्प स्पष्ट दिखाई दिया।

मुख्य अतिथि बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "यह हमला केवल मासूमों पर नहीं, बल्कि देश की आत्मा पर किया गया है। पाकिस्तान को इसका करारा जवाब जरूर मिलेगा।"

संघ के महासचिव नवल किशोर तिवारी ने कहा, “देश सबसे पहले है। संगठन हमारे अस्तित्व का प्रतीक है और उसकी एकता को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है।” उन्होंने पूर्व सैनिकों को एक परिवार बताते हुए संगठन की गतिविधियों को और सशक्त करने की अपील की।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, जागरूकता अभियान चलाने और आगामी कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने एक स्वर में संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अजय कुमार मिश्रा, विद्यानंद ठाकुर, सुशील कुमार ठाकुर, लालबाबू मिश्रा, सुबोध कुमार सिंह, अवधेश सिंह, रविंद्र कुमार सिंह, पुरुषोत्तम सिंह सहित कई अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए। सभी ने राष्ट्र और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।