भारत में कब मनेगी ईद, जानें चांद दिखने की सही तारीख
- Post By Admin on Mar 29 2025

नई दिल्ली: रमजान का पवित्र महीना अब अपने अंतिम चरण में है, और पूरे देश में ईद-उल-फितर का इंतजार किया जा रहा है। ईद-उल-फितर, जिसे मीठी ईद भी कहा जाता है, इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनाई जाती है। इसकी सटीक तिथि चांद के दीदार पर निर्भर करती है।
ईद-उल-फितर का धार्मिक महत्व
रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना है, जिसे बेहद पाक माना जाता है। इस पूरे महीने में मुस्लिम समुदाय रोजा रखता, इबादत करता और गरीबों की मदद करता है। मान्यता है कि इसी महीने में पैगंबर मोहम्मद साहब को कुरान शरीफ का ज्ञान प्राप्त हुआ था। इसलिए रमजान को सबसे अफजल महीना माना जाता है।
भारत में कब होगी ईद?
अगर 30 मार्च की रात को चांद नजर आता है, तो ईद 31 मार्च (सोमवार) को मनाई जाएगी। अगर 31 मार्च की रात चांद दिखता है, तो ईद 1 अप्रैल (मंगलवार) को होगी।
रमजान और रोजे का महत्व
इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार, रमजान के दौरान रोजा रखने से इंसान को गुनाहों से मुक्ति और आध्यात्मिक शुद्धि मिलती है। इस महीने में तरावीह की नमाज पढ़ने की खास अहमियत होती है और हर नेकी का बदला अल्लाह खुद देता है।
कैसे मनाई जाती है ईद?
ईद-उल-फितर के दिन लोग मस्जिदों में जाकर ईद की विशेष नमाज अदा करते हैं और एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद देते हैं। इस दिन सिवईयों और अन्य मीठे पकवानों का विशेष महत्व होता है। साथ ही जरूरतमंदों को दान (फितरा) देना भी ईद के त्योहार का अहम हिस्सा है। ईद-उल-फितर सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भाईचारे, इबादत और दान का संदेश देता है। अब सबकी नजरें चांद के दीदार पर टिकी हैं, ताकि ईद की तारीख पक्की हो सके।